बिलासपुर :- राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सिरगिट्टी पुलिस ने बच्चों और युवाओं को साइबर अपराध से सुरक्षित रहने का संदेश देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत थाना प्रभारी किशोर केंवट के नेतृत्व में सेंट जेवियर्स स्कूल, सिरगिट्टी में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में छात्रों को बताया गया कि सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेम, डिजिटल पेमेंट और फर्जी वेबसाइट के जरिए अपराधी कैसे जाल बिछाते हैं और उनसे बचने के क्या उपाय हैं। पुलिस अधिकारियों ने समझाया कि किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी साझा न करें और संदिग्ध कॉल की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

स्कूल के बच्चों ने अपने तरीके से साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। किसी ने रंगोली बनाकर जागरूकता दिखाई, तो किसी ने पेंटिंग और स्लोगन के माध्यम से लोगों को सावधान रहने की प्रेरणा दी। बच्चों के उत्साह को देखकर कार्यक्रम का माहौल बेहद सकारात्मक रहा।थाना प्रभारी किशोर केंवट ने छात्रों से बातचीत करते हुए कहा कि “आज की पीढ़ी डिजिटल दुनिया से जुड़ी है, इसलिए साइबर जागरूकता सबसे जरूरी सुरक्षा कवच है।” उन्होंने यह भी बताया कि सिरगिट्टी पुलिस इस तरह के शिविर आगे भी विभिन्न स्कूलों और मोहल्लों में आयोजित करेगी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस और स्कूल प्रबंधन ने संयुक्त रूप से एक जागरूकता रैली भी निकाली, जिसमें छात्रों ने “साइबर सेफ्टी हमारी जिम्मेदारी” और “सोच समझकर करें क्लिक” जैसे नारे लगाए। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना की।समापन पर सिरगिट्टी पुलिस ने बच्चों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया और उनके प्रयासों की प्रशंसा की। इस अवसर पर स्कूल की प्राचार्या संतोषी मैडम, थाना प्रभारी किशोर केंवट, पुलिस स्टाफ और शिक्षकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल बनाया।
