बिलासपुर :- बिलासपुर में आयोजित 15वें वार्षिक डॉग शो ने इस वर्ष नया कीर्तिमान स्थापित किया। कार्यक्रम में 200 से अधिक विभिन्न नस्लों के कुत्तों ने भाग लिया, जिससे आयोजन बेहद आकर्षक और यादगार बन गया। बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ और देश के अलग-अलग हिस्सों से डॉग लवर्स और प्रतिभागी बड़ी संख्या में पहुंचे।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बिलासपुर महापौर श्रीमती पूजा विधानी ने आयोजन की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम पशु प्रेम, जिम्मेदार पालतू संस्कृति और समाज में संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं। साथ ही उन्होंने उपस्थित पेट लवर्स के उत्साह और समर्पण की प्रशंसा की।

डॉग शो में प्रतियोगिता दो अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित की गई, जिसमें आठवीं पोज़िशन तक पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेताओं में 8 कुत्ते बिलासपुर से और 8 कुत्ते बिलासपुर के बाहर से रहे, जिससे प्रतिस्पर्धा का स्तर काफी ऊंचा नजर आया।
बिलासपुर से प्रथम पोज़िशन जर्मन शेफर्ड, द्वितीय डाबरमैन, तृतीय जर्मन शेफर्ड, चौथा जमवाल पाश्मी, पांचवां लैब्राडोर, छठवां बुलडॉग, सातवां शी-सु और आठवां रॉटविलर ने हासिल किया। वहीं बिलासपुर के बाहर के डॉग्स में प्रथम जर्मन शेफर्ड, द्वितीय साइबेरियन हस्की, तृतीय बॉक्सर, चौथा व्हिपिट, पांचवां रॉटविलर, छठवां जर्मन शेफर्ड, सातवां फॉक्स टेरियर और आठवां ग्रेट डेन विजेता रहे।
कार्यक्रम के दौरान मूक पशुओं के लिए निस्वार्थ सेवा करने वाले लोगों को बिलासपुर के 9 क्लबों द्वारा सम्मान चिह्न देकर सम्मानित किया गया। भव्य आयोजन ने यह स्पष्ट कर दिया कि बिलासपुर में डॉग शो और पेट कल्चर के प्रति लोगों का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।
