बिलासपुर के अग्रसेन चौक स्थित PC Jeweller शोरूम एक बार फिर विवादों में घिर गया है। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन ने शोरूम पर ग्राहकों को ठगने और आभूषणों की वापसी पर उचित कीमत न देने का गंभीर आरोप लगाया है।एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने इस मामले में बिलासपुर एसपी को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि शोरूम द्वारा ग्राहकों के साथ अन्याय किया जा रहा है।

मामले के अनुसार, खरसिया निवासी पारस पटेल ने वर्ष 2018 में इसी शोरूम से 5.620 ग्राम सोने और हीरे जड़ी अंगूठी ₹85,799 में खरीदी थी। अब जब वह अंगूठी को वर्तमान दर पर वापस बेचने पहुंचे, तो उन्हें खरीद कीमत से भी कम राशि ऑफर की गई।सराफा एसोसिएशन का दावा है कि मौजूदा सोने की कीमत के अनुसार, मेकिंग चार्ज काटने के बाद भी अंगूठी की कीमत करीब ₹1,17,299 बनती है, लेकिन शोरूम प्रबंधन इसे मानने को तैयार नहीं है।
एसोसिएशन ने बिलिंग प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि बिल में सोने, हीरे और मेकिंग चार्ज का अलग-अलग विवरण नहीं दिया गया, जिससे ग्राहकों को वास्तविक कीमत की जानकारी नहीं मिल पाती।इस मामले को लेकर एसोसिएशन ने कड़ी चेतावनी दी है कि शिकायत राष्ट्रीय स्तर तक ले जाई जाएगी और भारतीय मानक ब्यूरो व उपभोक्ता फोरम में भी मामला दर्ज किया जाएगा। साथ ही पूरे छत्तीसगढ़ में जनजागरूकता अभियान और आंदोलन चलाने की बात कही गई है।
देखें पूरी वीडियो
