बिलासपुर :- रतनपुर थाना क्षेत्र के पेंडरवा गांव में बुधवार शाम पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया, जब आरोपियों ने घर में घुसकर पूरे परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 65 वर्षीय मुराद बेगम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी सुरेश श्रीवास (46) अपने दो पुत्रों के साथ शाम करीब 6:30 बजे पीड़ित परिवार के घर पहुंचा। पहले कहासुनी हुई, लेकिन विवाद अचानक हिंसक हो गया और आरोपियों ने तलवार व लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिवार को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हमले में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया। गंभीर रूप से घायल मुराद बेगम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है और लोगों में भय का माहौल है।घटना में घायल 6 लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।

परिजनों का आरोप है कि यह हमला पूर्व नियोजित था। आरोपी लंबे समय से विवाद कर रहा था और जान से मारने की धमकियां दे रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी पत्नी के कथित संबंधों को लेकर शक था, जिस कारण पहले भी विवाद हो चुका था और मामला पुलिस तक पहुंचा था।

डीआईजी रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या व हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
