बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में एक बार फिर लापरवाही और अव्यवस्था की तस्वीर सामने आई है। हेमू नगर ब्रिज के नीचे अनवर बक्शी मार्ग के पास मजदूरों से भरा एक माजदा वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे ने न सिर्फ एक युवक को घायल किया, बल्कि इलाके में चल रहे अवैध बाजार और प्रशासनिक उदासीनता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शुक्रवार की शाम मजदूरों से भरा माजदा अचानक ब्रेक फेल होने के कारण नियंत्रण से बाहर हो गया। चालक ने स्थिति संभालने की कोशिश में वाहन को गली की ओर मोड़ा, लेकिन इसी दौरान एक बुलेट सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद माजदा सीधे नाली में जा घुसा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।हादसे में बाइक सवार घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। उसकी मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। वहीं माजदा में सवार महिला श्रमिकों को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने माजदा चालक को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर चालक वाहन को गली की ओर नहीं मोड़ता, तो यह हादसा और भी भयावह हो सकता था।

जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां रोजाना अवैध सब्जी बाजार लगता है, जहां शाम के समय भारी भीड़ जुटती है। ऐसे में यदि माजदा सीधे बाजार की ओर बढ़ता, तो कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस अवैध बाजार को लेकर प्रशासन कब जागेगा? यहां रोजाना भारी वाहनों की आवाजाही होती है और उसी बीच सब्जी विक्रेता और आम लोग अपनी जान जोखिम में डालकर खरीद-बिक्री करते हैं। यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन न तो पुलिस और न ही नगर निगम ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई की है।

स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है कि प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। अगर समय रहते अवैध बाजार को नहीं हटाया गया और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया, तो आने वाले दिनों में इससे भी बड़ा हादसा हो सकता है। अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस चेतावनी को गंभीरता से लेते हैं या फिर हालात यूं ही बने रहते हैं।
