बिलासपुर :- नगर विधायक अमर अग्रवाल का जन्मदिवस इस बार बधाइयों और जश्न से आगे बढ़कर सेवा और संवेदना का अवसर बना। दिन की शुरुआत उन्होंने राजेंद्र नगर स्थित अपने निवास पर परिवार के साथ भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर की। इसके बाद दिनभर शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।

जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाने की पहल भाजयुमो नेता रौशन सिंह के नेतृत्व में की गई। विधायक की प्रेरणा से युवा मोर्चा कार्यकर्ता मसानगंज स्थित कल्याण कुंज वृद्धाश्रम पहुंचे और बुजुर्गों के बीच फल एवं मिष्ठान वितरित किए।

वृद्धाश्रम में कार्यकर्ताओं ने बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। जन्मदिन की खुशियां जब बुजुर्गों तक पहुंचीं तो आयोजन का उद्देश्य सिर्फ उत्सव मनाना नहीं, बल्कि उनके साथ कुछ पल साझा करना भी बन गया।इसके बाद कार्यकर्ता नूतन चौक सरकंडा स्थित श्रवण बाधित बालिका आवासीय विद्यालय पहुंचे। यहां बालिकाओं के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं और फल-मिष्ठान वितरित किए गए।एक तरफ जन्मदिन का उत्सव था, दूसरी तरफ उन चेहरों पर मुस्कान थी, जिन तक अक्सर ऐसी खुशियां नहीं पहुंच पातीं। सेवा के इन पलों ने पूरे आयोजन को भावनात्मक रूप से खास बना दिया।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष शैलेंद्र यादव, विधायक प्रतिनिधि आनंद तावड़कर, विधायक प्रतिनिधि शरद यादव, मोनू रजक, साहिल भाभा, रहेमान अली, अमन फ्रांसिस सहित बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।कार्यकर्ताओं ने कहा कि अमर अग्रवाल हमेशा राजनीति को सेवा से जोड़ने की प्रेरणा देते हैं। इसी भावना के साथ जन्मदिन के जश्न को जरूरतमंदों की खुशियों से जोड़ने का प्रयास किया गया, ताकि नेता के जन्मदिवस की खुशी समाज के उन लोगों तक भी पहुंचे, जिनके साथ खुशियां बांटना ही सबसे बड़ा उत्सव है।

