बिलासपुर : बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रिवर व्यू इलाके में देर रात बदमाशों ने सड़क पर चल रहे युवकों पर खुलेआम चाकूबाजी और मारपीट की। बदमाशों ने गाली-गलौज करते हुए युवकों को पटक-पटक कर अधमरा कर दिया, जबकि मौके पर मौजूद भीड़ तमाशबीन बनी रही।

घटना के दौरान पुलिस का कहीं अता-पता नहीं था।वीडियो वायरल होने और खबरें चलने के बाद पुलिस विभाग की जमकर फजीहत हुई।

मामले में लीपापोती के आरोपों के बीच सिविल लाइन सीएसपी ने पुलिस प्रेस ग्रुप में सफाई दी कि चार युवकों को हिरासत में लेकर शांति भंग की कार्रवाई की गई है।हालांकि उन्होंने न तो आरोपियों की तस्वीरें साझा कीं, न ही यह बताया कि उनके खिलाफ कौन-कौन सी धाराओं में मामला दर्ज किया गया। इससे पुलिस की कार्रवाई पर और सवाल खड़े हो गए।

इस पर एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए उसी पुलिस एवं प्रेस ग्रुप में सीएसपी निमितेश सिंह परिहार को सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई। एसएसपी ने कहा कि सिर्फ कार्यवाही का जिक्र करने से सख्त कार्रवाई नहीं होती।स्पष्ट लिखिए कि क्या कदम उठाए गए हैं,आरोपियों को सिर्फ पकड़ना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका रिकॉर्ड खंगालकर उन्हें जेल भेजा जाए ताकि दुबारा ऐसी हरकत की हिम्मत न करें।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर के ऐसे गुंडा तत्वों पर रोजाना निगरानी रखी जाए, उनके पुराने रिकॉर्ड तैयार किए जाएं और आदतन अपराधियों पर प्रिवेंटिव कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि न्यायधानी में कानून व्यवस्था दोबारा पटरी पर लौट सके।
