छत्तीसगढ़ :- रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस महकमे को हिला देने वाला मामला सामने आया है। 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी रतनलाल डांगी पर एक महिला सब इंस्पेक्टर ने यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने उच्च अधिकारियों से शिकायत करते हुए कहा कि अधिकारी बीते सात वर्षों से उनका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, 15 अक्टूबर को दर्ज शिकायत में महिला सब इंस्पेक्टर ने दावा किया कि वर्ष 2017 में जब डांगी कोरबा एसपी के पद पर थे, तभी उनके बीच संपर्क शुरू हुआ था। दंतेवाड़ा पदस्थापना के दौरान पीड़िता वीडियो कॉल पर उन्हें योग सिखाती थीं, वहीं अधिकारी लगातार निजी संबंध बनाने का दबाव डालते रहे।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी कहा है कि उनके पास उत्पीड़न से जुड़े डिजिटल सबूत मौजूद हैं, जिन्हें जांच में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। सूत्रों के अनुसार, मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।
