बिलासपुर :- बिलासपुर में सोमवार की रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। छठ घाट के पास एक युवती ने नदी में कूदकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुँची और घंटों की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया।

सोमवार की देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि युवती अपने घर से अचानक बाहर निकली और सीधा छठघाट की ओर भागते हुए नदी में कूद गई। परिजनों ने बताया कि वे उस समय अपने कमरे में आराम कर रहे थे, जबकि नीचे के कमरे में उनकी बेटियाँ पढ़ाई कर रही थीं। तभी अचानक एक बेटी कमरे से बाहर निकली और बिना कुछ कहे घर से भाग गई।

परिजनों ने बताया हम ऊपर वाले रूम में थे, नीचे वाले रूम में गुरिया और छोटी गुरिया पढ़ाई कर रही थीं। पता नहीं अचानक क्या हुआ, दरवाज़ा खोलकर सीधा बाहर दौड़ गई। बड़ी दीदी पूछती रही कहाँ जा रही है, पर वो कुछ नहीं बोली।दोड़ते-दोड़ते सीधा नदी में छलांग लगा दी। परिवार का कहना है कि न तो घर में किसी तरह का विवाद हुआ था,और न ही किसी तरह की लड़ाई-झगड़े की बात सामने आई है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है। फिलहाल परिवार गहरे सदमे में है और किसी को समझ नहीं आ रहा कि आखिर युवती ने ऐसा कदम क्यों उठाया।
