छत्तीसगढ़ :- छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा में बुधवार को बड़ा बदलाव किया गया है। पुलिस अकादमी, चंदखुरी के निदेशक पद से आईजी रतनलाल डांगी को हटाने का आदेश जारी हुआ है। यह कार्रवाई उस शिकायत के बाद की गई, जिसमें एक योग प्रशिक्षिका—जो एक उप निरीक्षक की पत्नी हैं—ने आईजी डांगी पर यौन एवं मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था। वहीं, सरकार ने 2004 बैच के आईपीएस अजय कुमार यादव को नया प्रभारी निदेशक नियुक्त किया है।गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद मामले की प्रारंभिक जांच की गई और रिपोर्ट में डांगी को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त करने की अनुशंसा की गई थी। यह फैसला शिकायत दर्ज होने के 14 दिन बाद लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, आगे विभागीय जांच जारी रहेगी और आरोप साबित होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच, आईजी रतनलाल डांगी ने अपने बचाव में कहा था कि उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है और इस संबंध में उन्होंने उच्चाधिकारियों को पहले ही सूचित किया था। आरोप और पलट आरोपों के बीच प्रशासन ने गोपनीय जांच के बाद यह निर्णय लिया है।यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब राज्य सरकार ने हाल ही में स्थापना दिवस के रजत महोत्सव का आयोजन किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन शामिल हुए थे। जानकारों के मुताबिक, यह निर्णय सरकार की “ज़ीरो टॉलरेंस पॉलिसी” का उदाहरण है और पुलिस विभाग में अनुशासन बनाए रखने की दिशा में एक सख्त संदेश देता है।
