बिलासपुर :- नई दिल्ली के इंदिरा स्टेडियम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वंदेमातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ स्मरणोत्सव का शुभारंभ किया। इस मौके पर देशभर में एक साथ कई स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।इसी क्रम में बिलासपुर जिले के जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में भी स्मरणोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जिले के सभी अधिकारी और जनप्रतिनिधि वर्चुअली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन से जुड़े और वंदेमातरम् गीत का सामूहिक गान किया।

कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धर्मलाल कौशिक और जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक कौशिक ने इस अवसर पर कहा कि वंदेमातरम् गीत भारत के स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है।उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर इस वर्ष चार चरणों में देशभर में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि देश की नई पीढ़ी को इस गीत के इतिहास और महत्व से अवगत कराया जा सके।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने भी इस अवसर पर संबोधित करते हुए कहा कि बिलासपुर जिले में वंदेमातरम् की 150वीं वर्षगांठ को पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा।उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे स्मरणोत्सव से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाएं और आसपास के लोगों को वंदेमातरम् गीत के प्रति जागरूक करें, ताकि देशभक्ति और एकता की भावना और अधिक प्रबल हो सके।
