बिलासपुर :- राष्ट्रीय गौरव वीर शहीद धरती आबा बिरसा मुंडा की जन्म जयंती पर बिलासपुर रेलवे परिक्षेत्र में आदिम जाति रेलवे महिला कल्याण समिति द्वारा दो दिवसीय भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देवस्थान पूजन, सामाजिक संगोष्ठी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से महान क्रांतिकारी के योगदान को श्रद्धांजलि दी गई।

समारोह के पहले दिन देव स्थापना और देव पूजन के साथ सामाजिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। संगोष्ठी में वक्ताओं ने बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और आदिवासी समाज को संगठित करने में उनकी भूमिका को विस्तार से याद किया।दूसरे दिन भव्य रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों लोग शामिल हुए। रैली के माध्यम से शहरवासियों को वीर शहीद बिरसा मुंडा की जयंती की शुभकामनाएं दी गईं और उनके विचारों के प्रसार का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर बच्चों और महिलाओं के लिए ज्ञानवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। देश के आदिम क्रांतिकारियों के जीवन वृत्तांत पर निबंध और पेंटिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

रेलवे परिक्षेत्र में निवासरत देशभर से आए आदिम जाति के अधिकारी–कर्मचारियों सहित अन्य समाज के लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने मिलकर बिरसा मुंडा के त्याग और बहादुरी को नमन किया तथा उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सर्व आदिवासी समाज के प्रांतीय अध्यक्ष युवा सुभाष परते रहे। आयोजन में महिला समिति की संयोजक मंडली—सावित्री प्रधान, राजेश्वरी ध्रुव, उर्वशी प्रधान, जीना नेम, सुनंदा जगत, स्वाति मरावी, ममता प्रधान सहित कई सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुरुष विभाग में हृदय प्रधान, राजू नेताम, हीरा प्रधान, करुणानिधि जगत, डॉ. पंकज परते, अजय प्रधान सहित समाज के प्रमुखजन उपस्थित रहे। पूरी जानकारी मीडिया प्रभारी राजेंद्र पोर्ते द्वारा साझा की गई।
