मुंगेली :- आर्ट ऑफ लिविंग परिवार मुंगेली द्वारा, सिंधु सेवा समिति मुंगेली के सहयोग और सेवा भारती मुंगेली के सौजन्य से रायपुर रोड स्थित सिंधु पैलेस में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिल्ली के जाने-माने गैस्ट्रो व लीवर रोग विशेषज्ञ डॉ. समर्थ शर्मा के मार्गदर्शन में नागरिकों की आधुनिक मशीनों से लीवर जांच की गई।

शिविर की खास बात यह रही कि मुंगेली में पहली बार फाइब्रो स्कैन मशीन लाई गई, जिसके माध्यम से लोगों के लीवर की वर्तमान स्थिति की सटीक जांच की गई। साथ ही शुगर और यूरिक एसिड की भी निःशुल्क जांच की गई। इस शिविर में 16 वर्ष से अधिक आयु के सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ लिया।

जांच के दौरान कई ऐसे मरीज सामने आए, जिनके लीवर में फैट और कठोरता पाई गई। कुछ मरीज प्रारंभिक स्टेज में पाए गए, जबकि कई ऐसे भी मिले जिन्हें अपनी समस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उपचार की आवश्यकता बताई गई। डॉ. समर्थ शर्मा ने लोगों को लीवर संबंधी बीमारियों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

शिविर को सफल बनाने में जज़्बा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी बिलासपुर, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, सिंधु सेवा समिति, आर्ट ऑफ लिविंग परिवार सहित अनेक संगठनों और सेवादारों का सराहनीय योगदान रहा। शहर के गणमान्य नागरिकों ने इस पहल की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन की अपेक्षा जताई।
