बिलासपुर :- राजनीति में जहां अक्सर तीखे बयान और कटु आरोप सुर्खियों में रहते हैं, वहीं बिलासपुर से एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने राजनीतिक मर्यादा और संस्कारों को नई पहचान दी। प्रदेश के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव के प्रति सम्मान और विनम्रता का परिचय देकर यह साबित कर दिया कि राजनीति से ऊपर भी मानवीय मूल्य और परंपराएं होती हैं।

इस दृश्य की खास बात यह रही कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में अंबिकापुर की हाई-प्रोफाइल सीट पर राजेश अग्रवाल और टी.एस. सिंहदेव आमने-सामने थे। उस चुनाव में अग्रवाल ने सिंहदेव को पराजित कर राजनीति में नई शुरुआत की और आज मंत्री पद पर हैं। इसके बावजूद, चुनावी प्रतिस्पर्धा की तल्खी को पीछे छोड़ते हुए अग्रवाल का यह व्यवहार सभी को भावुक कर गया।

छत्तीसगढ़ भवन में जब मंत्री राजेश अग्रवाल को यह जानकारी मिली कि टी.एस. सिंहदेव पास के कमरे में कांग्रेस नेताओं के साथ मौजूद हैं, तो वे स्वयं उनसे मिलने पहुंचे। मुलाकात के दौरान उन्होंने हाथ जोड़कर सिंहदेव के चरण स्पर्श किए और आदरपूर्वक अभिवादन किया। इसी तरह बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने भी सार्वजनिक रूप से सिंहदेव के चरण छूकर आशीर्वाद लिया, जो राजनीतिक शिष्टाचार की मिसाल बन गया।

बताया गया कि दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का कुशलक्षेम जाना और सौहार्दपूर्ण वातावरण में बातचीत हुई। इसके बाद मंत्री अग्रवाल अपने कार्यक्रम में शामिल होने चले गए। यह मुलाकात न सिर्फ राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी, बल्कि यह संदेश भी दे गई कि मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सम्मान और संस्कार कभी पुराने नहीं पड़ते।
देखें वीडियो
