बिलासपुर :- बिलासपुर में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है। शैलेष पांडेय ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए वर्तमान विधायक अमर अग्रवाल पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले किए गए अपराध-मुक्त शहर के वादे ज़मीनी हकीकत में कहीं नजर नहीं आ रहे।पूर्व विधायक पांडेय ने आरोप लगाया कि शहर में बढ़ती वारदातों से व्यापारी वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और लोगों में डर का माहौल है। उनका कहना है कि अपराध नियंत्रण को लेकर ठोस और दिखाई देने वाली कार्रवाई की कमी साफ दिख रही है।


पांडेय ने कहा कि जनता से बड़े-बड़े वादे कर सत्ता तक पहुंचने वाले जनप्रतिनिधियों को अब जवाबदेह होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा तो जिम्मेदारी तय होना जरूरी है।उन्होंने अपने बयान में तीखा हमला करते हुए कहा कि “अपराध मुक्त शहर बनाना अगर संभव नहीं हो पा रहा है, तो विधायक को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।” पांडेय ने इसे जनता के साथ किया गया वादा बताया और कहा कि उस पर अमल नहीं हुआ।पूर्व विधायक ने यह भी कहा कि शहर में आए दिन बड़ी घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता दिखाई नहीं दे रही। उनके मुताबिक व्यापारी और आम नागरिक दोनों ही चिंता और असहजता महसूस कर रहे हैं।

इस बयान के बाद बिलासपुर की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज होने के आसार हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विधायक या सत्तापक्ष की ओर से इन आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है और कानून-व्यवस्था को लेकर आगे क्या कदम उठाए जाते हैं।
