बिलासपुर :- थाना सरकंडा क्षेत्र के राजकिशोर नगर स्थित टेलीफोन एक्सचेंज रोड पर हुई लूट और हमले की वारदात ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बदमाशों ने देर रात सराफा व्यापारी संतोष तिवारी को रोककर मारपीट की और उनकी कार लूटकर फरार हो गए।बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले वाहन रुकवाया और फिर विवाद के दौरान हमला कर दिया, जिससे व्यापारी के सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना स्थल से पुलिस को एक मोटरसाइकिल, दूसरी कार और मैगजीन के साथ कुछ जिंदा राउंड मिले हैं, जिससे वारदात की गंभीरता और बढ़ गई है। इसके बावजूद आरोपियों का मौके से फरार हो जाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में गश्त और निगरानी व्यवस्था पहले से कमजोर है, जिसके चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

नागरिकों और व्यापारियों ने पुलिस से नियमित पेट्रोलिंग, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाएं व्यापारिक माहौल को प्रभावित कर रही हैं।
पुलिस ने नाकाबंदी और जांच तेज करने का दावा किया है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी बनी हुई है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि पुलिस कब तक आरोपियों को पकड़कर सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवालों का जवाब दे पाएगी।
