बिलासपुर में भारतीय जनता पार्टी ने लंबे समय से संगठन के लिए सक्रिय रहे बुधवारी बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष नितिन छाबड़ा को जिला व्यापारी प्रकोष्ठ का संयोजक नियुक्त कर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति के बाद जिले भर के व्यापारियों और पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद नितिन छाबड़ा ने पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर नगर विधायक अमर अग्रवाल के निवास पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उनका आभार व्यक्त करते हुए विशाल माला पहनाकर सम्मान किया और मिठाई खिलाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर बुधवारी बाजार व्यापारी संघ, अन्य क्षेत्रों के व्यापारी और पंजाबी समाज के वरिष्ठजन भी मौजूद रहे।

भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने नियुक्ति पर खुशी जताते हुए कहा कि नितिन छाबड़ा एक समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता हैं, जिन्होंने युवा मोर्चा सहित विभिन्न पदों पर संगठन के लिए कार्य किया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश नेतृत्व और जिला संगठन की अनुशंसा पर उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है, जिससे व्यापारियों के बीच संगठन और मजबूत होगा।

पंजाबी समाज के वरिष्ठजनों ने भी नितिन छाबड़ा को बधाई देते हुए कहा कि यह समाज के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि छाबड़ा अपने पिता स्वर्गीय चंद्रप्रकाश चावला के पदचिन्हों पर चलते हुए समाज सेवा और संगठन के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं, जो सराहनीय और प्रेरणादायक है।

जिला व्यापारी प्रकोष्ठ के संयोजक नितिन छाबड़ा ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि वे सभी व्यापारियों को साथ लेकर चलेंगे और उनके सुख-दुख में सहभागी बनेंगे। साथ ही संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

छाबड़ा ने यह भी बताया कि बुधवारी बाजार के विकास और समस्याओं के समाधान को लेकर वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि अमर अग्रवाल, केंद्रीय नेतृत्व और जिला संगठन के मार्गदर्शन में वे अधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं और जल्द ही बाजार के विकास को लेकर सकारात्मक निर्णय आने की उम्मीद है।
