बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम सोंठी (सीपत) में भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक यहां संगीतमय श्रीमद देवी भागवत कथा महापुराण का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गांव का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो चुका है और हर ओर उत्साह का माहौल है।

माँ मन्नादाई सेवा समिति एवं ग्रामवासियों के संयुक्त सहयोग से आयोजित यह धार्मिक महोत्सव पूरे क्षेत्र के लिए आस्था का केंद्र बन गया है। आयोजन स्थल को भव्य दिव्य दरबार का रूप दिया जा रहा है, जहां माता रानी की आराधना के साथ श्रद्धालुओं को भक्ति के अद्भुत अनुभव का अवसर मिलेगा।इस कथा का वाचन राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथा वाचिका हेमलता शर्मा के श्रीमुख से होगा, जिनकी मधुर वाणी श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर देगी। उनके साथ बाल व्यास नरेंद्र शर्मा और आचार्य मुरली मनोहर शर्मा भी धार्मिक अनुष्ठानों को दिव्यता प्रदान करेंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ 19 मार्च को भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। प्रतिदिन सुबह 6 से 9 बजे तक पूजन-अर्चना और दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक कथा का आयोजन किया जाएगा। नौ दिनों तक चलने वाला यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए भक्ति और आध्यात्मिक अनुभव का विशेष अवसर बनेगा।
समापन 27 मार्च को नवमी के दिन हवन, सहस्त्रधारा और विशाल भंडारे के साथ होगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष रामेश्वर जायसवाल ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार उपस्थित होकर इस दिव्य आयोजन का लाभ लेने और माँ का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।
