बिलासपुर में आयोजित होने वाले सबसे बड़े वार्षिक रक्तदान शिविर की तैयारियों का आगाज़ पोस्टर विमोचन के साथ हो गया। इस अवसर पर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, श्री गुरुनानक शिक्षण समिति के कार्यकारी अध्यक्ष सरदार राजेंद्र सिंह चावला, प्राचार्या रश्मि सीरिया और डॉ. आर.के. कश्यप सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सामाजिक संस्थाओं—जज़्बा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी, शाहेदा फाउंडेशन, ख्वाब वेलफेयर फाउंडेशन और छत्तीसगढ़ सोशल मीडिया सोसायटी ने संयुक्त रूप से शिविर के प्रचार-प्रसार की शुरुआत की। ये संस्थाएं पिछले कई वर्षों से लगातार इस शिविर का आयोजन कर रही हैं और जरूरतमंदों को जीवनदान देने का कार्य कर रही हैं।

यह रक्तदान शिविर विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर 10 मई 2026 को दयालबंद स्थित नेशनल इंग्लिश मीडियम हायर सेकेंडरी स्कूल के महाराज रणजीत सिंह सभागार में आयोजित किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा, जहां बड़ी संख्या में रक्तदाताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

आयोजन समिति ने भीषण गर्मी को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। शिविर स्थल को ठंडा, स्वच्छ और आरामदायक बनाया जाएगा। रक्तदाताओं के लिए स्वल्पाहार, प्रशंसा पत्र और ब्लड वापसी गारंटी कार्ड की व्यवस्था के साथ-साथ प्रोत्साहन स्वरूप निःशुल्क दोपहिया लर्निंग लाइसेंस और अन्य उपहार भी दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में ब्लड बैंकों में रक्त की कमी हो जाती है। ऐसे में यह शिविर थैलेसीमिया और सिकल सेल के मरीजों के लिए संजीवनी साबित होगा। आयोजकों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर मानवता की सेवा में भागीदार बनें।
