बिलासपुर :- रेलवे की गंभीर लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। न्यू लोको कॉलोनी क्षेत्र में केबल कार्य के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे को बिना सुरक्षा इंतजाम के खुला छोड़ दिया गया, जिसमें बीती रात करीब 2 बजे एक बेजुबान सांड गिर गया। घंटों तक सांड गड्ढे में अचेत अवस्था में पड़ा तड़पता रहा। सुबह जानकारी मिलने पर अन्नपूर्णा कॉलोनी सहित आसपास के स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।

घटना ने रेलवे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस गड्ढे में कोई बच्चा या राहगीर गिर जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विकास कार्यों के नाम पर खोदे गए गड्ढों को खुले छोड़ देना सीधे तौर पर लोगों की जान से खिलवाड़ है।

सांड को बाहर निकालने के दौरान वार्ड क्रमांक 46 के पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल, संजय श्रीमोर,गोपाल, सुजीत सिंह, के. श्रीधर, किसन कोसले, नासिर सहित कई स्थानीय नागरिकों ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए राहत कार्य में सहयोग किया। लोगों की तत्परता और सामूहिक प्रयास से बेजुबान की जान बच सकी।

क्षेत्रवासियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि उक्त गड्ढे को तत्काल पाटा जाए और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी दिन बड़ा और दर्दनाक हादसा हो सकता है।

