बिलासपुर :- राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) का 27वां स्थापना दिवस बुधवार को जिलेभर में उत्साह, संगठनात्मक शक्ति और जनसेवा के संकल्प के साथ मनाया गया। बहतराई स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने का संकल्प दोहराया गया।

समारोह की शुरुआत संगठन के वरिष्ठ नेताओं और दिवंगत कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित जनों ने उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित करते हुए संगठन निर्माण, जनसेवा और सामाजिक सरोकारों में उनके योगदान को याद किया। इस दौरान भावपूर्ण माहौल में पार्टी के संघर्ष और उपलब्धियों को भी साझा किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, अधिकार और विकास पहुंचाने की विचारधारा पर कार्य करती रही है। पार्टी ने हर दौर में आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर मजबूती से आवाज बुलंद करती रहेगी।
वक्ताओं ने संगठन की असली ताकत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के भरोसे को बताया। उन्होंने कहा कि गांव, शहर और वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत बनाकर लोगों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का अभियान लगातार जारी है। इसी जनसंपर्क और जनविश्वास के आधार पर पार्टी अपनी सक्रियता बढ़ा रही है।
स्थापना दिवस कार्यक्रम के दौरान संगठनात्मक विस्तार, आगामी रणनीतियों और जनसंपर्क अभियानों को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर जनता से सीधे संवाद स्थापित करें और उनकी अपेक्षाओं व समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए संगठन को नई मजबूती प्रदान करें।
राष्ट्रीय अध्यक्ष धीरज शर्मा के मार्गदर्शन और प्रदेश अध्यक्ष निलेश विश्वास के निर्देशानुसार आयोजित इस समारोह में प्रदेश यूथ अध्यक्ष रावस्कर गोरख, हिमांशु राज, प्रदेश प्रवक्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिले के विभिन्न ब्लॉकों में भी स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंत में केक काटकर 27वां स्थापना दिवस मनाया गया और जनसेवा, संगठन मजबूती तथा सामाजिक सरोकारों के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
देखें वीडियो

