

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
बिलासपुर // रतनपुर :-रतनपुर नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप से शहर में विकास कार्यों और भ्रष्टाचार को लेकर सवाल किए गए। पहले सवाल में कुर्मी समाज की बहुप्रतीक्षित कुर्मी भवन के 2022 से अधूरे रहने का कारण पूछा गया। अध्यक्ष ने बताया कि यह ठेका पूर्व परिषद के समय हुआ था और ठेकेदार काम पूरा नहीं कर रहा था। नए परिषद में बैठक कर ठेका निरस्त किया गया और दूसरा टेंडर प्रक्रिया में है। अध्यक्ष ने कहा कि कुछ ही दिनों में इस भवन में प्रगति दिखेगी।
दूसरे सवाल में ठेकेदार पर भ्रष्टाचार के आरोपों के बारे में पूछा गया। लव कुश कश्यप ने स्पष्ट किया कि नगर पालिका में ठेकेदार के 10-15 कार्य अधूरे हैं। कई बार चेतावनी देने और नोटिस जारी करने के बावजूद ठेकेदार काम पूरा नहीं कर रहा। कुछ लोग स्वार्थपूर्ति के लिए आरोप लगाते हैं और कोर्ट या नगर पालिका में अनर्गल बयान देते हैं।
तीसरे सवाल में हितग्राहियों के नगर पालिका कार्यालय में नहीं आने के कारणों पर बात की गई। अध्यक्ष ने बताया कि पूर्व कार्यकाल में कर्मचारी उपलब्ध नहीं रहते थे और जनप्रतिनिधियों का ध्यान नहीं था, जिससे लोगों को परेशान होना पड़ता था। अब नए परिषद में सुधार हुआ है और सभी हितग्राहियों के काम समय पर पूरे किए जा रहे हैं। राशन कार्ड के मामले में 12-15 दिन में सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कार्यालय में अब भीड़ नहीं है क्योंकि कार्य त्वरित रूप से संपन्न हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कोई भी हितग्राही परेशान नहीं होगा और सभी कार्यों में पारदर्शिता बनी रहेगी।
रतनपुर में कई विकास कार्य ट्रिपल इंजन की सरकार के दौरान प्रगति पर हैं, लेकिन शहर की सड़कों और तालाबों की स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। तालाबों के संरक्षण और संवर्धन के लिए कोई विशेष पहल नहीं हुई है।
अध्यक्ष लव कुश कश्यप के अनुसार, रतनपुर विकास की गाथा लगातार जारी रहेगी। भविष्य में भी जनप्रतिनिधियों से तीखे सवाल पूछे जाएंगे और यह देखा जाएगा कि शहर की हालत सुधार की दिशा में कितनी तेजी से बढ़ती है।