बिलासपुर :- कोर्ट की अनुमति के बिना जमीन विवाद में दखल देने और एक पक्ष को कब्जा दिलाने के मामले में सरकंडा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय पर कार्रवाई हुई है। एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र में दो भाइयों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। एक पक्ष बाउंड्रीवाल निर्माण कर कब्जा जमाने की कोशिश कर रहा था, जबकि दूसरा पक्ष इसका विरोध कर रहा था। इसी दौरान टीआई निलेश पांडेय ने विवाद सुलझाने के नाम पर मौके पर पेट्रोलिंग टीम भेजी, जिसके बाद एक पक्ष ने पुलिस की मौजूदगी में बाउंड्रीवाल बना ली।
दूसरे पक्ष ने टीआई पर पक्षपात और संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए SSP से शिकायत की। उनका कहना था कि न तो कोर्ट ने निर्माण की अनुमति दी थी और न ही पुलिस सुरक्षा का आदेश था। बावजूद इसके, पुलिस बल भेजकर कब्जा करवाया गया।
शिकायत मिलने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल जांच की और कार्रवाई करते हुए निरीक्षक निलेश पांडेय को लाइन अटैच कर दिया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस किसी भी सिविल विवाद में कोर्ट आदेश के बिना हस्तक्षेप नहीं करेगी।
