बिलासपुर :- तोरवा थाना क्षेत्र के छठ घाट के पास उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सुबह टहलने पहुंचे लोगों ने झाड़ियों के बीच एक नवजात शिशु का शव पड़ा देखा। दुर्गंध उठने पर जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उनकी आंखें फटी रह गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिम्स अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृत नवजात एक या दो दिन का प्रतीत हो रहा है और उसकी मौत दो-तीन दिन पहले हुई होगी। फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि शव बहकर आया या यहां किसी ने जानबूझकर फेंका।

फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और घाट के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत का सही कारण और समय स्पष्ट हो पाएगा।
