बिलासपुर :- बिलासपुर जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के चुराघाट एनीकट में रविवार को नहाने गए रेलकर्मी संतोष राम की नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के दौरान उसे बचाने के लिए उसका साला अनुज कुमार भी नदी में कूद गया, लेकिन तेज बहाव में वह भी बह गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बिल्हा थाना पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। घंटों की तलाशी के बाद संतोष राम का शव बरामद कर लिया गया, जबकि अनुज का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नदी में इस वक्त बहाव बेहद तेज है, जिससे तलाशी अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। SDRF टीम ने नदी के निचले हिस्से में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।

इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार और गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीण भी पुलिस के साथ मिलकर अनुज की तलाश में मदद कर रहे हैं।
