छत्तीसगढ़ की सरज़मीन एक बार फिर रूहानियत और सूफ़ियाना महफ़िल से महकने जा रही है। 15 नवंबर 2025, शनिवार की रात 9:30 बजे मक़ाम कुंदन पैलेस, श्रीकांत वर्मा मार्ग, बिलासपुर में ऐतिहासिक “अल-जीलानी सूफ़ी कॉन्फ़्रेंस” का आयोजन होगा।यह सम्मेलन इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें बग़दाद शरीफ़ की ख़ानक़ाह के सज्जादा नशीन और हज़रत गौसे पाक रज़ियल्लाहु अन्हु के वंशज अश्शैख़ अस्सय्यद अफ़ीफ़ुद्दीन अफ़ीफ़ी मियाँ बग़दादी पहली बार छत्तीसगढ़ पधारेंगे।

कार्यक्रम की तैयारी को लेकर रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में चिश्तिया रंग फ़ाउंडेशन द्वारा पोस्टर विमोचन समारोह आयोजित किया गया, जहाँ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में पोस्टर का अनावरण हुआ।इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डॉ. सलीम राज, हाजी इक़बाल हक़, यूसुफ़ हुसैन (बंटी), फ़ैज़ान अहमद (सेबू), सैयद इंसान अली और सलाम भाई सहित कई गणमान्य हस्तियाँ मौजूद थीं। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता की ओर से हज़रत अफ़ीफ़ुद्दीन अफ़ीफ़ी मियाँ का स्वागत संदेश भी दिया।मिली जानकारी के अनुसार हज़रत अफ़ीफ़ुद्दीन अफ़ीफ़ी मियाँ 13 नवंबर को रायपुर पधारेंगे, 14 को बिलासपुर पहुँचेंगे और 15 नवंबर की रात जश्ने क़ादरी कॉन्फ़्रेंस में शिरकत फ़रमाएँगे।यह आयोजन सूफ़ियाना मोहब्बत, अम्न-ओ-आश्ती और इंसानियत का पैग़ाम लेकर आएगा जहाँ इल्म, रूहानियत और इत्तेहाद का अनोखा संगम देखने को मिलेगा।
