बिलासपुर :- सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा इलाके में शुक्रवार सुबह करीब सात बजे उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक दुकानदार को बंदूक दिखाकर लूटने की कोशिश की। दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और अपराधियों के बढ़ते हौसलों पर सवाल खड़े हो गए।

पीड़ित की पहचान जबड़ापारा निवासी लखन लाल देवांगन के रूप में हुई है, जो मिशन अस्पताल रोड स्थित लखीराम ऑडिटोरियम के सामने नीटी स्वीट्स नाम से दुकान संचालित करते हैं। वे रोज की तरह स्कूटी से दुकान जा रहे थे, तभी तीन युवकों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि दो बदमाशों के हाथ में बंदूक थी और तीसरे ने सोने की चेन लूटने की कोशिश करते हुए गोली मारने की धमकी दी।
अचानक हुए हमले से दुकानदार कुछ पल के लिए घबरा गया, लेकिन उसने साहस दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया और बदमाशों का विरोध किया। शोर सुनकर आसपास लोगों के इकट्ठा होने की आशंका से आरोपी घबरा गए और बिना लूट किए ही बाइक से मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिनमें एक आरोपी का चेहरा गमछे से ढंका नजर आ रहा है। पुलिस ने पीड़ित से आरोपियों के हुलिए और बाइक से जुड़ी जानकारी जुटाई है और अज्ञात बदमाशों की तलाश जारी है।
देखें पूरी वीडियो
