बिलासपुर :- विधानसभा बिल्हा अंतर्गत राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2025 का शुभारंभ उत्साह और जागरूकता के संदेश के साथ किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कार्यकर्ता और अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
इस दौरान धरमलाल कौशिक ने कहा कि पल्स पोलियो के प्रति जागरूकता ही बचाव का पहला और सबसे अहम कदम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप से वंचित न रहे। अभियान की सार्थकता तभी है जब समाज का हर बच्चा सुरक्षित हो और किसी भी कारण से दवा से छूट न जाए।

उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत घर-घर जाकर भी बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई जाएगी, ताकि अंतिम छोर तक हर बच्चे को सुरक्षा कवच मिल सके। स्वास्थ्य कार्यकर्ता और स्वयंसेवक यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बच्चा पोलियो से असुरक्षित न रह जाए।
धरमलाल कौशिक ने कहा कि पोलियो की दो बूंदें न केवल एक बच्चे को जीवनभर के लिए सुरक्षित करती हैं, बल्कि एक स्वस्थ, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र की नींव भी रखती हैं। उन्होंने इसे समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य से जोड़ते हुए जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वस्थ और सशक्त भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ इस दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ रहा है। जनसहभागिता को अभियान की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से प्रदेश निश्चित ही पूर्णतः पोलियो मुक्त छत्तीसगढ़ का लक्ष्य हासिल करेगा।
