बिलासपुर :- गणेश नगर वार्ड क्रमांक 46 में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसके तहत 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। अभियान शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अभिभावकों ने सहभागिता निभाई।इस अभियान में वार्ड पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल की विशेष उपस्थिति रही। उनके मार्गदर्शन में वार्ड के आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों तथा पार्षद कार्यालय में विशेष बूथ लगाए गए, जहां बच्चों को सुरक्षित तरीके से पोलियो ड्रॉप पिलाई गई।

अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। घर-घर जागरूकता के प्रयासों का असर यह रहा कि अधिकांश अभिभावक अपने बच्चों को समय पर बूथ तक लेकर पहुंचे।इस अवसर पर पार्षद इब्राहिम खान अब्दुल ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए पल्स पोलियो अभियान बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप से वंचित न रहे, क्योंकि यही एक स्वस्थ भविष्य की गारंटी है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बताया कि पोलियो उन्मूलन की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसमें समाज की सहभागिता सबसे बड़ी ताकत है। गणेश नगर वार्ड 46 में अभियान के प्रति जागरूकता और सहयोग ने यह साबित कर दिया कि सामूहिक प्रयासों से बच्चों का स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित किया जा सकता है।
