बिलासपुर :- बिलासपुर नगर निगम के प्रशासनिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। आईएएस अधिकारी प्रकाश कुमार सर्वे ने नगर पालिक निगम कमिश्नर और स्मार्ट सिटी एमडी के रूप में पदभार संभालते ही साफ कर दिया कि शहर के विकास में अब ढिलाई नहीं, बल्कि गति, गुणवत्ता और पारदर्शिता का नया दौर शुरू होगा।पदभार ग्रहण के तुरंत बाद उन्होंने निगम और स्मार्ट सिटी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा कर विकास की दिशा तय की। उनका स्पष्ट संदेश था कि शासन की हर योजना जमीन पर दिखनी चाहिए और इसमें शहरवासियों की भागीदारी सबसे अहम होगी।

स्वच्छता को लेकर कमिश्नर सर्वे का नजरिया आक्रामक और लक्ष्य आधारित दिखा। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण में देश में दूसरा स्थान हासिल करने पर संतोष नहीं, बल्कि पहला स्थान पाने का संकल्प दोहराया। वहीं अरपा नदी को शहर की पहचान बताते हुए उसके उत्थान और तट संवर्धन को प्राथमिक एजेंडे में रखा।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं से लेकर पानी, सड़क, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं तक, हर मोर्चे पर समयबद्ध काम का भरोसा दिलाया गया। निगम सीमा में नए शामिल क्षेत्रों तक विकास पहुंचाने की बात कहते हुए उन्होंने साफ किया कि टीम वर्क और जनसहयोग से ही “सुंदर और स्मार्ट बिलासपुर” का सपना साकार होगा।
