बिलासपुर :- थाना तोरवा अंतर्गत हेमू नगर इशिका पार्क के पास एक छुटभैये नेता ने सरेराह आतंक मचाया। खुद को बीजेपी का मंडल अध्यक्ष और पार्षद वल्लभ राव का भतीजा बताने वाला वेंकट राव शराब के नशे में गाली-गलौज करता और आम लोगों को धमकाता रहा। उसकी दबंगई से परेशान होकर स्थानीय महिला सुनीता यादव ने साहस दिखाया और सीधे उसकी पिटाई कर दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

सुनीता यादव का आरोप है कि वेंकट राव लगातार यह दिखाता था कि मेरा शासन है, मेरा प्रशासन है, सब मेरी जेब में हैं।इसके दम पर वह निर्माण कार्य रोकवाने, झूठे केस फंसाने और लोगों को डराने का काम करता रहा। उसने अपनी ताकत और राजनीतिक रसूख का दुरुपयोग करते हुए इलाके में खुलेआम तानाशाही की, यहां तक कि सुनीता की मां पर हाथ उठाने का प्रयास भी किया।जब परिवार ने विरोध किया तो वेंकट राव और उग्र हो गया। दरवाजे पर हाथापाई की नौबत आई, लेकिन महिला ने अपनी हिम्मत दिखाई और दबंग नेता पर काबू पाया।

इस घटना ने यह साफ कर दिया कि छुटभैये नेता सत्ता के नशे में लोगों को डराने और उत्पात मचाने से नहीं चूकते।हेमु नगर के स्थानीय लोग और पड़ोसी इस घटना से भयभीत हैं और सवाल कर रहे हैं कि क्या प्रशासन और पुलिस ऐसे दबंग नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत दिखाएगी या फिर प्रभावशाली नेताओं के दबाव में मामला दबा दिया जाएगा।
