बिलासपुर :- BNI बिलासपुर व्यापार एवं उद्योग मेला की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी क्रम में गत दिवस मेले की आधिकारिक पत्रिका का विमोचन शहर के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य प्रायोजक फार्च्यून एलिमेंट्स तथा सह-प्रायोजक अद्वैत फार्म्स के संस्थापक अनिल मुंधरा सहित उद्योग, व्यापार, सामाजिक संगठनों और प्रेस जगत से जुड़े वरिष्ठजन उपस्थित रहे।विमोचन अवसर पर प्रकाश ग्वालानी, जितेंद्र गांधी, कमल सोनी, वरिष्ठ पार्षद राजेश सिंह, रोटरी क्लब से प्रकाश माहेश्वरी एवं पुरुषोत्तम अग्रवाल, टायर संघ से निट्टू सिंह परिहार सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने मेले को शहर के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह मेला व्यापार, उद्योग, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों का एक सशक्त मंच बनेगा।

मेला संयोजक गणेश अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 29 जनवरी से 3 फरवरी तक आयोजित होने वाले इस मेले में प्रतिदिन विविध कार्यक्रम होंगे। मेले के दौरान समाज के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं का सम्मान किया जाएगा, जिससे सकारात्मक प्रेरणा का संचार होगा।मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. किरणपाल सिंह चावला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी निहारिका अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि सम्मान समारोह में देहदान व नेत्रदान करने वालों को श्रद्धांजलि तथा उनके परिवारों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही विवाह के 50 वर्ष पूर्ण करने वाले 11 दंपतियों, बच्चों की वीरता, 11 महिलाओं को सावित्रीबाई फुले नारी शक्ति पुरस्कार, अग्रणी व्यापारियों, गिनीज बुक रिकॉर्ड धारकों, छत्तीसगढ़ सेवा रत्न, उद्योगपति ऑफ द ईयर, स्टार्टअप अवार्ड और लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान किए जाएंगे।
प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में बिलासपुर गॉट टैलेंट, राइजिंग वॉइस ऑफ बिलासपुर, मिस्टर–मिस बिलासपुर, आइडियल कपल, रॉयल कपल, इंटर स्कूल डांस, स्टार्टअप आइडिएशन अवार्ड, बॉडी बिल्डिंग, हेल्दी बेबी, मेहंदी, रंगोली, ड्राइंग-पेंटिंग और साइंस मॉडल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं मनोरंजन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में औरंगाबाद से जादूगर, लोक नृत्य, भजन-कीर्तन और कवि सम्मेलन दर्शकों को आकर्षित करेंगे।मेले के दौरान निशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। रोटरी क्लब ग्रीन द्वारा अतिथियों का स्वागत पौधों से किया जाएगा, जबकि रोटरी क्लब यूनाइटेड प्रतिदिन निशुल्क सीपीआर प्रशिक्षण देगा। नाइस टेक के सहयोग से रोजगार मेले का आयोजन भी होगा। इस अवसर पर BNI मेला कार्यसमिति के 50 से अधिक सदस्य, को-स्पॉन्सर एवं सह-संयोजक सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
