रतनपुर से वासित अली
बिलासपुर :- वंदे मातरम गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बिलासपुर रेलवे जोन और रेलवे सुरक्षा बल के संयुक्त तत्वावधान में रतनपुर के ऐतिहासिक गज किला परिसर में भव्य देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। आरपीएफ बैंड की ओजपूर्ण धुनों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया और बड़ी संख्या में नागरिक कार्यक्रम के साक्षी बने।कार्यक्रम के दौरान आरपीएफ बैंड ने “वंदे मातरम”, “ऐ मेरे वतन के लोगों” सहित कई देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। बैंड की मधुर और प्रभावशाली धुनों ने लोगों को भावविभोर कर दिया। आयोजन का उद्देश्य देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को याद करना और नागरिकों, खासकर बच्चों व युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करना रहा।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और वीर जवानों के त्याग से जोड़ते हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि वंदे मातरम 150 वर्ष आयोजन के तहत यह कार्यक्रम तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत रतनपुर से हुई है।

कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। ऐतिहासिक गज किला परिसर में आयोजित यह कार्यक्रम केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि देश के प्रति समर्पण, एकता और राष्ट्रप्रेम का सशक्त संदेश देने वाला प्रेरणादायी प्रयास साबित हुआ।
