बिलासपुर :- सरगुजा संसदीय क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज के घर इन दिनों खुशियों की मधुर गूंज सुनाई दे रही है। उनकी सुपुत्री शारदा सिंह और दामाद विक्रम सिंह के यहां पुत्री रत्न के जन्म से परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। नन्ही नातिन के आगमन से सांसद पहली बार नाना बने हैं। इस सुखद पल को उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों के साथ भी साझा किया।

सूरजपुर जिला पंचायत सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने हाथों से मिठाई खिलाकर अपनी खुशी बांटी।बैठक के बीच जब सांसद ने नातिन के जन्म की खबर साझा की तो माहौल कुछ देर के लिए औपचारिकता से निकलकर आत्मीयता में बदल गया।

भावुक स्वर में उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से उनके घर मां लक्ष्मी का आगमन हुआ है और पहली बार नातिन को गोद में लेने का पल उनके जीवन के सबसे सुखद क्षणों में से एक है। बैठक में मौजूद कलेक्टर, डीएफओ और अन्य अधिकारियों ने भी उन्हें बधाई दी। विकास योजनाओं की चर्चा के बीच यह पारिवारिक खुशी पूरे माहौल को मानवीय संवेदनाओं से भर गई।
