बिलासपुर :- बिलासपुर में एक युवक की मौत को लेकर सिम्स अस्पताल पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। मृतक महेश सिंह राज, चरण सिंह राज के छोटे भाई बताए जा रहे हैं।
परिजनों का कहना है कि यह मौत दुर्घटना से नहीं, बल्कि इलाज में हुई लापरवाही के कारण हुई है। उनका आरोप है कि घुटने में आई सामान्य चोट का सही उपचार नहीं किया गया, जिससे हालत बिगड़ती गई।

घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों में आक्रोश का माहौल है। उन्होंने इसे गरीब और आदिवासी युवक के साथ अन्याय बताते हुए जिम्मेदार डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग की है।

परिवार और सामाजिक संगठनों ने लोगों से अपील की है कि वे सुबह 8 बजे सिम्स शवगृह पहुंचकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सहयोग करें।
मामले को लेकर अब प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं, परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
