बिलासपुर :- बिलासपुर में आयोजित भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग के दौरान छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद तत्काल उन्हें इलाज के लिए सिम्स अस्पताल लाया गया।

सूत्रों के मुताबिक सिम्स में इलाज के दौरान उनके निधन की खबर सामने आ रही है, हालांकि देर शाम तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल बन गया।
रूपनारायण सिन्हा भाजपा संगठन में लंबे समय तक सक्रिय रहे और बिलासपुर जिले के संगठन मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष पद पर कार्यरत थे।

प्रशिक्षण वर्ग में संभागभर के सांसद, विधायक, मंत्री और भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए थे। घटना के बाद कार्यक्रम स्थल और सिम्स अस्पताल में नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ जुट गई। फिलहाल अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

