बिलासपुर :- बिलासपुर के अग्रसेन चौक स्थित श्रीराम न्यू क्लाथ मार्केट में इंसानियत और स्वास्थ्य सेवा की मिसाल देखने को मिली, जहां जज़्बा एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी की पहल पर एक दिवसीय निःशुल्क लीवर जांच शिविर का आयोजन किया गया। वरिष्ठ लीवर विशेषज्ञ Samarth Sharma के सहयोग से आयोजित इस शिविर में सैकड़ों व्यापारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया। महंगी जांच और इलाज के कारण जो लोग अब तक अपनी बीमारी को नजरअंदाज कर रहे थे, उनके लिए यह शिविर बड़ी राहत बनकर सामने आया।

शिविर के दौरान कई ऐसे लोग मिले, जिनके लीवर में फैटी और कठोर होने जैसी गंभीर समस्याओं के संकेत पाए गए। समय रहते बीमारी की पहचान होने से अब ये लोग उचित इलाज शुरू कर सकेंगे। डॉक्टर समर्थ शर्मा ने जांच करवाने वाले सभी लोगों को निःशुल्क ओपीडी कार्ड भी उपलब्ध कराया, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीज बिना फीस की चिंता किए सीधे परामर्श ले सकें।


इस मौके पर व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों को लीवर संबंधी बीमारियों, खान-पान और बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। रायपुर से आए ऋषिकुल फाउंडेशन के आचार्य ऋषि ने लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि अनियमित जीवनशैली और खान-पान की गलत आदतें लीवर को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा रही हैं, इसलिए समय-समय पर जांच बेहद जरूरी है।

शिविर के आयोजन में Jazba Education and Welfare Society और श्रीराम न्यू क्लाथ मार्केट के व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था प्रमुख संजय मतलानी ने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। व्यापारियों ने भी इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए भविष्य में ऐसे और शिविर आयोजित करने की मांग की।

