बिलासपुर:- सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और लोकआस्था के संरक्षण के लिए समर्पित पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच की त्रिवार्षिक आमसभा रविवार को श्रद्धा, सौहार्द और संगठनात्मक एकता के वातावरण में संपन्न हुई। समाज के सभी सदस्यों ने एकमत होकर वरिष्ठ उद्योगपति, समाजसेवी एवं सनातन संस्कृति के सजग प्रहरी प्रवीण झा को पुनः मंच का अध्यक्ष निर्वाचित किया। वहीं संगठन की गतिविधियों को वर्षों से गति देने वाले सुधीर झा को फिर से सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बिलासपुर के छठ घाट परिसर में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में मंच की वार्षिक गतिविधियों, आय-व्यय के विवरण और आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रवीण झा के नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना।प्रवीण झा का व्यक्तित्व केवल एक सफल उद्योगपति तक सीमित नहीं है, बल्कि वे सनातन मूल्यों, धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा के प्रति अपनी विशेष प्रतिबद्धता के लिए भी जाने जाते हैं। विगत तीन वर्षों से रामनवमी के पावन अवसर पर 1008 श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कराने की उनकी पहल समाज में विशेष प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।

उनके पूर्व कार्यकाल में पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच ने धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। छठ महापर्व के भव्य आयोजन, सामाजिक सहयोग, युवा सहभागिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से मंच ने समाज के बीच अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।
संगठन के वरिष्ठ सदस्यों ने कहा कि प्रवीण झा के नेतृत्व में मंच ने केवल कार्यक्रम आयोजित नहीं किए, बल्कि समाज के लोगों के बीच आत्मीयता, सहयोग, संस्कार और पारिवारिक एकता की भावना को भी सशक्त बनाया। यही कारण है कि उनके पुनः अध्यक्ष बनने पर समाज के सभी वर्गों में हर्ष और उत्साह का वातावरण दिखाई दिया।

अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद प्रवीण झा ने सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मंच की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक दायित्वों को और अधिक व्यापक स्वरूप देने के लिए वे पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच केवल एक सामाजिक संगठन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति, लोकआस्था और सामाजिक चेतना का सशक्त केंद्र है। आने वाले वर्षों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा तथा छठ महापर्व सहित विभिन्न पारंपरिक आयोजनों को और अधिक भव्य एवं व्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा।

बैठक में यह भी घोषणा की गई कि आगामी 21 जून को नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें अन्य पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों की घोषणा की जाएगी। आमसभा में समाज के बड़ी संख्या में वरिष्ठजन, पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रवीण झा के अनुभवी नेतृत्व में मंच सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और धार्मिक जागरण के नए आयाम स्थापित करेगा।

