बिलासपुर -: छत्तीसगढ़ में जेम्स एंड ज्वेलरी पार्क की स्थापना को मिली मंजूरी के बाद सराफा कारोबारियों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। रायपुर के पंडरी स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में प्रस्तावित अत्याधुनिक ज्वैलरी पार्क को सराफा उद्योग के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे प्रदेश के हजारों व्यापारियों और कारीगरों को नई संभावनाएं मिलेंगी।

इसी उत्साह के बीच छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के कोरबा प्रवास पर स्थानीय व्यापारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। जे.के. ज्वेलर्स में आयोजित कार्यक्रम में व्यापारियों ने ज्वैलरी पार्क की स्वीकृति को प्रदेश के सराफा उद्योग के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया।

कोरबा सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकुमार सोनी और उनकी टीम ने प्रदेश के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के इस फैसले से उद्योग को नई गति मिलेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में सराफा व्यवसायी मौजूद रहे और उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
रायपुर में सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल से मुलाकात के दौरान ज्वैलरी पार्क के शीघ्र क्रियान्वयन, भूमि आवंटन, आधारभूत सुविधाओं के विकास और छोटे कारीगरों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। एसोसिएशन ने उम्मीद जताई कि यह परियोजना प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगी।

इस बीच 28 जून को बिलासपुर में आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ सराफा महा सम्मेलन की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। सम्मेलन में सुरक्षा व्यवस्था, बीआईएस कार्यशाला, व्यापारी हितों और सराफा उद्योग के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों का मार्गदर्शन मिलेगा।

महा सम्मेलन को उस समय और मजबूती मिली जब खगड़िया (भागलपुर) के सांसद राजेश वर्मा ने इसमें शामिल होने की सहमति दे दी। उनके आगमन की खबर से प्रदेशभर के सराफा व्यापारियों में उत्साह दोगुना हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने सभी व्यापारियों से सम्मेलन में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया है।

