छत्तीसगढ़ :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रेसवार्ता में प्रधानमंत्री से राज्य की जनता की ओर से 21 सवाल पूछे और कहा कि “मोदी की गारंटी” के नाम पर किए गए वादे दो साल में ही दम तोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है — चाहे वह रोजगार हो, महिला सशक्तिकरण, किसानों की समस्या या कानून व्यवस्था।

दीपक बैज ने कहा कि 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने मोदी की गारंटी के नाम पर झूठे सपने दिखाए। दो साल बाद न नौकरी मिली, न महिलाओं को पूरा लाभ, न किसानों को राहत। कांग्रेस ने कहा कि भाजपा सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है, जबकि जनता महंगाई, बेरोजगारी और अव्यवस्था से त्रस्त है। कांग्रेस ने मोदी से निम्नलिखित 21 सवाल पूछे —
1️⃣ राज्योत्सव से पहले पूछता है छत्तीसगढ़ — मोदी की गारंटी कहां गई? दो साल बाद कोई वादा पूरा नहीं हुआ।
2️⃣ 1 लाख सरकारी नौकरी का वादा, दो साल में सिर्फ 2000 भर्ती — बाकी 38 हजार का क्या हुआ?
3️⃣ 2.5 लाख अनियमित कर्मचारियों को 100 दिन में नियमित करने का वादा था, दो साल बाद भी किसी को स्थायी नहीं किया गया।
4️⃣ महतारी वंदन योजना में आधी महिलाओं को भी लाभ नहीं — बिहार में 10 हजार, छत्तीसगढ़ में 1 हजार क्यों? सिलेंडर 500 में देने का वादा भी टूटा।
5️⃣ कानून व्यवस्था चरमरा गई, हत्या, लूट, बलात्कार, गोलीबारी बढ़ी — यही है सुशासन?
6️⃣ घुसपैठ और ड्रग्स का मुद्दा — बांग्लादेशी नागरिक और पाकिस्तान से नशा, केंद्र की 11 साल पुरानी सरकार की विफलता नहीं?
7️⃣ धान से बना चावल केंद्र क्यों नहीं ले रहा जबकि डबल इंजन की सरकार है?
8️⃣ प्रधानमंत्री आवास योजना में 2023 के बाद कितने नए आवास स्वीकृत हुए?
9️⃣ किसानों को यूरिया और डीएपी की किल्लत — डबल इंजन से राज्य को क्या फायदा?
🔟 10 हजार से अधिक स्कूल बंद, एक भी नया स्कूल नहीं खोला गया — शिक्षा पर ताला क्यों?
11️⃣ महादेव ऐप और अवैध शराब कारोबार पर कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं? सरगनाओं को दुबई से क्यों नहीं लाया गया?
12️⃣ जंगलों की कटाई — हसदेव से तमनार तक उद्योगपतियों के लिए पेड़ काटे जा रहे हैं, क्यों?
13️⃣ बिजली के दाम तीन से चार गुना बढ़े, जनता पर बोझ क्यों?
14️⃣ बस्तर में बाढ़ पीड़ितों के लिए विशेष पैकेज क्यों नहीं दिया गया?
15️⃣ छत्तीसगढ़ की यात्री ट्रेनों के 64 हजार फेरे रद्द, राज्य से सौतेला व्यवहार क्यों?
16️⃣ नगरनार इस्पात संयंत्र अभी भी विनिवेश सूची में क्यों है?
17️⃣ एनएमडीसी मुख्यालय बस्तर में क्यों नहीं लाया जा रहा?
18️⃣ बस्तर का जल-जंगल-जमीन क्या उद्योगपतियों को सौंपने की तैयारी है?
19️⃣ रायपुर मेडिकल कॉलेज में प्रसूति वार्ड की दुर्दशा, एक बेड पर दो महिलाएं क्यों?
20️⃣ अस्पतालों में दवाइयों की कमी, जबकि पीएम दौरे पर करोड़ों खर्च क्यों?
21️⃣ 15 लाख खाते में और 2 करोड़ रोजगार का वादा, अब तक कब मिलेगा?
कांग्रेस ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा इन सवालों से भाग नहीं सकते। दीपक बैज ने कहा कि जब डबल इंजन सरकार का दावा किया गया था, तब लोगों को उम्मीद थी कि राज्य का विकास तेज़ होगा, लेकिन उल्टा बेरोजगारी, अपराध, मंहगाई और भ्रष्टाचार ने रफ्तार पकड़ी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता को सवाल पूछने का हक है और प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ की जनता को जवाब देना चाहिए।
