बिलासपुर :- बिलासपुर वनमंडल से जुड़ी एक अहम प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। मुख्य वनसंरक्षक बिलासपुर वृत्त ने शासकीय कार्यों में लापरवाही और अनुशासनहीनता को गंभीरता से लेते हुए बेलतरा परिक्षेत्र सहायक के खिलाफ सख्त कदम उठाया है।आदेश के अनुसार, बेलतरा परिवृत्त में पदस्थ वनपाल वेद प्रकाश शर्मा पर विभागीय कार्यों को लंबे समय तक लंबित रखने के आरोप हैं। बीएमसी खातों की जानकारी प्रस्तुत न करना, फायर लाइन कटाई, प्राकृतिक पुनरुत्पादन और कूप कार्यों को समय पर पूरा न करना इसमें शामिल है।

वन विभाग ने बताया कि संबंधित अधिकारी को कई बार निर्देश दिए गए, लेकिन न केवल आदेशों की अनदेखी की गई बल्कि वरिष्ठ अधिकारियों को अमर्यादित जवाब भी दिए गए। इसे शासकीय कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया है।

इसी आधार पर वेद प्रकाश शर्मा को बेलतरा परिक्षेत्र सहायक के प्रभार से मुक्त कर मुंगेली वनमंडल में पदस्थ किया गया है। वहीं, अस्थायी व्यवस्था के तहत वनमंडल बिलासपुर की उड़नदस्ता टीम में पदस्थ वनपाल लोकमणी त्रिपाठी को आगामी आदेश तक बेलतरा का परिक्षेत्र सहायक नियुक्त किया गया है।
