बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 17 फरवरी को सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में सराफा व्यापारी से हुई बड़ी लूट का खुलासा महज 24 घंटे में कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई पर सराफा एसोसिएशन ने पुलिस की तत्परता और समन्वय की सराहना करते हुए आभार जताया है।एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने कहा कि बिलासपुर पुलिस ने जिस तेजी और रणनीति से दूसरे राज्य में दबिश देकर अंतरराज्यीय गिरोह को पकड़ा, वह बेहद प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से व्यापारियों और आम नागरिकों का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हुआ है।
सोनी ने राम गोपाल गर्ग (डीआईजी) और रजनेश सिंह (एसएसपी) का विशेष रूप से धन्यवाद देते हुए कहा कि दोनों अधिकारी अवकाश पर होने के बावजूद लगातार पूरे मामले की मॉनिटरिंग करते रहे। साथ ही एडिशनल एसपी, सीएसपी और अन्य जिलों की पुलिस टीम के समन्वय को भी उन्होंने सराहा।

उन्होंने कहा कि इतनी कम अवधि में पूरे गिरोह का खुलासा होना बिलासपुर पुलिस की कार्यशैली और पेशेवर दक्षता का उदाहरण है। यह कार्रवाई शहर की कानून-व्यवस्था के लिए एक सकारात्मक संदेश है और पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
एसोसिएशन ने घटना में घायल व्यापारी संतोष तिवारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि संगठन उनके परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। साथ ही पुलिस की इस उपलब्धि को शहर के लिए ऐतिहासिक बताते हुए पूरी टीम को धन्यवाद दिया गया।
