बिलासपुर :- बिलासपुर में हाल ही में राजकिशोरनगर स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स और इसके बाद सीपत में हुई घटनाओं के मद्देनजर पुलिस और सराफा कारोबारियों के बीच अहम बैठक आयोजित की गई। बिलासा गुड़ी के चेतना हाल में हुई इस बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक से पहले सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के नेतृत्व में लूट कांड के आरोपियों को 24 घंटे में पकड़ने वाली पुलिस टीम का सम्मान किया गया। इस दौरान आईजी रामगोपाल गर्ग, एसएसपी रजनेश सिंह, एडिशनल एसपी पंकज पटेल समेत ऑपरेशन गोल्ड से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को शॉल व मोमेंटो भेंट किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत में कमल सोनी ने कहा कि जिले की सबसे बड़ी लूट के आरोपियों को महज 24 घंटे में गिरफ्तार करना बिलासपुर पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इसे समन्वय और टीमवर्क का बेहतरीन उदाहरण बताते हुए पुलिस का आभार जताया और उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग की भी सराहना की।आईजी रामगोपाल गर्ग ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम को समझा और रणनीति बनाकर कार्रवाई शुरू की। एडिशनल एसपी पंकज पटेल और सीएसपी निमितेश सिंह सहित टीम की सतत मेहनत से गिरोह तक पहुंचना संभव हुआ और लूटा गया सामान भी सुरक्षित बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में आम नागरिकों की सहभागिता बेहद जरूरी है।

एसएसपी रजनेश सिंह ने बैठक में सराफा व्यापारियों को विस्तृत सुरक्षा मापदंड बताए। उन्होंने दुकानों में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा अलार्म सिस्टम मजबूत करने और कीमती सामान को अनावश्यक रूप से दुकान से बाहर ले जाने से बचने की सलाह दी ताकि जोखिम कम हो सके।बैठक में पुलिस अधिकारियों ने यह भी कहा कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए नियमित संवाद और सुरक्षा ऑडिट किए जाएंगे। व्यापारियों से सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना देने की अपील की गई।

अंत में कमल सोनी ने भरोसा दिलाया कि एसएसपी द्वारा दिए गए सभी निर्देशों का पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अप्रैल में सदस्यता नवीनीकरण के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य होगा और उल्लंघन करने वाले व्यापारियों पर सख्त निर्णय लिया जाएगा, जिससे सराफा बाजार की सुरक्षा और भरोसा दोनों मजबूत हों।
देखें वीडियो क्या कहा डीआईजी एवं अध्यक्ष सराफा संघ छत्तीसगढ़ ने
