बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ में उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता और भेदभाव रोकने के नियम लागू कराने की मांग को लेकर 27 फरवरी 2026 को प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन होने जा रहा है। सर्व आदिवासी समाज के युवा प्रभाग के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष सिंह परते ने बताया कि ST, SC और OBC महा मोर्चा के बैनर तले हजारों लोग धरना, रैली और ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

जानकारी के अनुसार यह प्रदर्शन यूजीसी के समानता संबंधी नियमों को प्रभावी ढंग से लागू कराने की मांग को लेकर किया जा रहा है। संगठन का कहना है कि उच्च शिक्षण संस्थानों में अक्सर सामाजिक वर्गों के छात्रों के साथ भेदभाव की शिकायतें सामने आती रही हैं, इसलिए सख्त नियमों का पालन जरूरी है।
आंदोलन को प्रदेश के विभिन्न सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है। प्रदर्शन के दौरान सरकार को ज्ञापन सौंपकर विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में इक्विटी सेल, हेल्पलाइन और शिकायत निवारण व्यवस्था को मजबूती से लागू करने की मांग की जाएगी।

महा मोर्चा ने कहा है कि यह आंदोलन छात्रों को समान अवसर और सुरक्षित शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। आयोजकों ने बड़ी संख्या में लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने की अपील की है।
