बिलासपुर :- बिलासपुर रेलवे पुलिस ने यात्रियों के बैग और कीमती सामान पर नजर रखने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जीआरपी की टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे करीब 2 लाख 30 हजार रुपए की चोरी गई संपत्ति बरामद की गई।

जीआरपी प्रभारी विश्वनाथ चक्रवर्ती ने बताया कि कोरबा निवासी प्रज्जवल शरण घाटगे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान उनका लैपटॉप, आईपैड, पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज चोरी हो गए। जांच में सामने आया कि चांपा से बिलासपुर के बीच सक्रिय गिरोह ट्रेनों में यात्रियों के बैग पर नजर रखकर चोरी की वारदातें करता था। पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय दास महंत और संदीप दास को दबोचा, जिनसे पूछताछ में चोरी का माल खरीदने वाले आलोक कुमार प्रधान का नाम भी सामने आया।

तीनों को गिरफ्तार कर पुलिस ने एप्पल लैपटॉप, आईपैड, चार मोबाइल, पासपोर्ट, आधार कार्ड और बैंक पासबुक बरामद किए हैं। जीआरपी अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
